रसोई गैस बुकिंग नियमों में बदलाव, अब 25 दिन बाद ही मिलेगा नया सिलिंडर

  • Post By Admin on Mar 10 2026
रसोई गैस बुकिंग नियमों में बदलाव, अब 25 दिन बाद ही मिलेगा नया सिलिंडर

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर की बुकिंग प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नए नियम के तहत अब उपभोक्ता पिछले सिलिंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही अगला सिलिंडर बुक कर सकेंगे। पहले यह अवधि 21 दिन थी।

सरकार का कहना है कि यह कदम गैस सिलिंडरों की जमाखोरी और बाजार में हो रही कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है। नए नियम लागू होने के बाद तेल और गैस कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे वितरण व्यवस्था की निगरानी सख्ती से करें और अनियमितताओं पर कार्रवाई करें।

इसके साथ ही सरकार ने देश की रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। तेल कंपनियों से कहा गया है कि व्यावसायिक कनेक्शन की तुलना में घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम लोगों को गैस की उपलब्धता में किसी तरह की परेशानी न हो।

सूत्रों के अनुसार भारत सरकार एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नए अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की भी तलाश कर रही है। इस दिशा में अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और नॉर्वे जैसे देशों के साथ बातचीत तेज की गई है।

इस बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर भी राहत की खबर सामने आई है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 130 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर नहीं जाती, तब तक देश में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की संभावना कम है।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक भारत के पास फिलहाल कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। साथ ही रणनीतिक दृष्टि से वैकल्पिक समुद्री मार्गों से कच्चे तेल की आपूर्ति की व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है, ताकि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद ऊर्जा आपूर्ति पर असर न पड़े।