पूर्व आईपीएल खिलाड़ी विवादों में, पत्नी ने लगाए प्रताड़ना और अवैध संबंधों के आरोप

  • Post By Admin on Mar 10 2026
पूर्व आईपीएल खिलाड़ी विवादों में, पत्नी ने लगाए प्रताड़ना और अवैध संबंधों के आरोप

कानपुर : पूर्व आईपीएल खिलाड़ी अमित मिश्रा के खिलाफ उनकी पत्नी गरिमा तिवारी ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अवैध संबंधों के आरोप लगाते हुए अदालत में मुकदमा दायर किया है। मामले को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, 9 मार्च 2026 को गरिमा तिवारी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने पति अमित मिश्रा और उनके परिवार पर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने, मारपीट करने तथा अन्य महिलाओं से संबंध रखने के आरोप लगाए हैं।

गरिमा तिवारी, जो कानपुर के बिरहाना रोड की निवासी और पूर्व मॉडल हैं, का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है जब उन्होंने शिकायत की हो। इससे पहले भी उन्होंने पुलिस आयुक्त कार्यालय और फिलखाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन करीब एक वर्ष तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। उनका आरोप है कि अमित मिश्रा के प्रभाव के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

अदालत ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं और आरोपी पक्ष को नोटिस जारी किया है।

गरिमा तिवारी के अनुसार उनकी मुलाकात वर्ष 2020 में इंस्टाग्राम के जरिए अमित मिश्रा से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में शादी का प्रस्ताव आया। परिवार की सहमति से 26 अप्रैल 2021 को कानपुर क्लब में दोनों का विवाह हुआ। हालांकि गरिमा का आरोप है कि सगाई के बाद से ही अमित मिश्रा और उनके परिवार ने लग्जरी कार सहित महंगे सामान की मांग करते हुए दबाव बनाना शुरू कर दिया था।

गरिमा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद भी दहेज की मांग जारी रही। उन्होंने दावा किया कि शादी के करीब एक साल बाद उन्हें अमित मिश्रा की कई युवतियों के साथ सोशल मीडिया चैट के स्क्रीनशॉट मिले। इस पर विरोध करने पर उन्हें तलाक की धमकी दी गई और मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर खरीदने के नाम पर उनसे पैसों की मांग की जाती थी और इनकार करने पर प्रताड़ित किया जाता था।

शिकायत में गरिमा ने सास बीना मिश्रा, ससुर शशिकांत मिश्रा, जेठ अमर मिश्रा, जेठानी ऋतु मिश्रा और ननद स्वाति पर भी उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सास अतिरिक्त दहेज की मांग करती थीं और ननद उनके पहनावे और रहन-सहन को लेकर ताने देती थीं। लगातार प्रताड़ना के कारण वह अवसाद का शिकार हो गईं और पिछले एक वर्ष से मायके में रहकर उपचार करा रही हैं।

गरिमा तिवारी ने अदालत से एक करोड़ रुपए का हर्जाना, मासिक भत्ता, अपने आभूषणों की वापसी और पति के घर में रहने का अधिकार देने की मांग की है।

बताया जाता है कि अमित मिश्रा कानपुर के मीरपुर कैंट क्षेत्र के निवासी हैं और वे इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात लायंस, राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। वर्तमान में वे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के सुरक्षा विभाग में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।

फिलहाल इस मामले में अमित मिश्रा या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अदालत में अगली सुनवाई के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।