भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि

  • Post By Admin on May 10 2025
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि

नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के बीच एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। दोनों देशों ने सीजफायर (युद्धविराम) पर सहमति जताई है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस ऐतिहासिक समझौते की पुष्टि शुक्रवार देर रात की।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी देते हुए बताया कि पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय डीजीएमओ से संपर्क किया। दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी कि भारतीय मानक समय के अनुसार, शाम 17:00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी प्रकार की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोक दी जाएगी। इस समझौते को लागू करने के लिए दोनों पक्षों को निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को दोपहर 12:00 बजे फिर से इस विषय पर बात करेंगे।

मंत्रालय के आधिकारिक बयान में कहा गया है, "भारत और पाकिस्तान ने आपसी सहमति से नियंत्रण रेखा (रुशष्ट) और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्णय लिया है। यह कदम क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को प्राथमिकता देते हुए उठाया गया है।"

यह कदम दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सैन्य तनाव को कम करने के लिए एक सकारात्मक दिशा में कदम माना जा रहा है।