दिल्ली में भाजपा के नए कार्यालय का होगा उद्घाटन, पीएम मोदी करेंगे शिरकत
- Post By Admin on Sep 29 2025

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भाजपा का नया कार्यालय सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उद्घाटित होगा। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित यह भवन नवरात्रि की सप्तमी के शुभ अवसर पर पार्टी को समर्पित किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, पार्षद और हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहने की संभावना है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए कहा कि यह दिन पार्टी के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि भाजपा की यात्रा अजमेरी गेट स्थित पहले दफ्तर से शुरू होकर रकाबगंज रोड और फिर करीब 35 वर्षों तक 14 पंडित पंत मार्ग पर जारी रही। अब पार्टी का अपना भव्य कार्यालय दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर खड़ा है।
सचदेवा ने कहा कि नए कार्यालय का शिलान्यास 9 जून 2023 को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया था। गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में लंबे समय से लंबित भूमि विवाद का समाधान कर यह निर्माण कार्य पूरा हुआ।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लक्ष्य के तहत देशभर में कार्यालय निर्माण का अभियान चलाया है। दिल्ली के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में अब अपने-अपने दफ्तर स्थापित हो चुके हैं।