दिल्ली चुनाव के नतीजों के बीच बड़ा फैसला, सचिवालय को सील करने का आदेश जारी
- Post By Admin on Feb 08 2025

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के साथ ही प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली सचिवालय को सील करने का आदेश जारी कर दिया है। 70 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है, और कई सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं। आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया सहित कई बड़े नेता चुनाव हार चुके हैं।
ताजा रुझानों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) 48 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस अब तक कोई सीट जीतने की स्थिति में नहीं दिख रही है। इन नतीजों के बीच दिल्ली प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
प्रशासन का कड़ा निर्देश, बिना अनुमति नहीं हटेंगे दस्तावेज
दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (GAD) ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि बिना अनुमति के कोई भी सरकारी फाइल, दस्तावेज या कंप्यूटर हार्डवेयर सचिवालय परिसर से बाहर नहीं ले जाया जा सकता। सभी विभागों के अधिकारियों को सचिवालय पहुंचने और सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिवालय की सुरक्षा को लेकर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। सभी संबंधित शाखा प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी फाइलों और इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
चुनाव परिणामों के बीच प्रशासन का यह कदम कई राजनीतिक अटकलों को जन्म दे रहा है। क्या यह सुरक्षा का मामला है या सत्ता परिवर्तन की तैयारी? इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।