दुबई एयरपोर्ट के पास फिर ड्रोन हमला, भारतीय नागरिक समेत चार घायल
- Post By Admin on Mar 11 2026
नई दिल्ली : मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमले की घटना सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार दो ड्रोन को एयरपोर्ट के नजदीक मार गिराया गया। इस घटना में एक भारतीय नागरिक समेत चार लोग घायल हो गए, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।
दुबई मीडिया ऑफिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते दोनों ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया। ड्रोन गिरने की घटना में घाना, बांग्लादेश और भारत के नागरिकों सहित चार लोग घायल हुए हैं। हालांकि सभी को हल्की चोटें आई हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बावजूद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं और यात्रियों की आवाजाही पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में दुबई एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन हमले की कई कोशिशें हो चुकी हैं। एक मार्च को भी एयरपोर्ट के पास ड्रोन का मलबा गिरा था, जिससे परिसर के एक हिस्से को हल्का नुकसान पहुंचा था। उस समय भी आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया था।
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में गिना जाता है, जहां हर साल लगभग साढ़े नौ करोड़ यात्री यात्रा करते हैं। हालिया घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में निगरानी और कड़ी कर दी है।