तेल संकट और कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच पीएम मोदी ने बुलाई अहम बैठक

  • Post By Admin on May 21 2026
तेल संकट और कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच पीएम मोदी ने बुलाई अहम बैठक

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उससे उत्पन्न वैश्विक तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार शाम केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक बुलाई है। बैठक शाम 5 बजे भारत मंडपम अथवा सेवा तीर्थ स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में आयोजित होने की संभावना है। इसमें सभी केंद्रीय मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री तथा अन्य राज्य मंत्रियों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार ने सभी मंत्रियों को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौजूद रहने को कहा है। प्रधानमंत्री मोदी आज अपनी पांच दिवसीय विदेश यात्रा से लौट रहे हैं, जिसके तुरंत बाद यह उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है। बताया जा रहा है कि बैठक में पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति पर पड़े असर, भारत की ऊर्जा सुरक्षा तथा संभावित आर्थिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति और कार्यान्वयन की समीक्षा भी एजेंडे में शामिल है। यह पिछले करीब 11 महीनों बाद पूर्ण कैबिनेट बैठक मानी जा रही है और इसके 4 से 5 घंटे तक चलने की संभावना है। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को आगामी 10 जून को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ से भी जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में संभावित कैबिनेट फेरबदल और संगठनात्मक बदलावों की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

इधर, पश्चिम एशिया के हालात पर लगातार नजर बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में मंत्रियों का एक उच्चस्तरीय अनौपचारिक समूह भी गठित किया है। इस समूह में गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में कहा था कि केंद्र सरकार स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर बनाए हुए है और देश में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की गंभीर समस्या नहीं है।