राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना, कहा- मेलोडी वीडियो हर भारतीय का अपमान
- Post By Admin on May 21 2026
नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। इस बार राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ बने तथाकथित ‘मेलोडी वीडियो’ को लेकर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “मोदी जी, आपका मेलोडी वीडियो हर भारतीय और उसके दर्द का अपमान है।” इससे पहले भी उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा था कि “सब लोग परेशान हैं और प्रधानमंत्री टॉफी बांट रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।” साझा किए गए वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण तेल, पेट्रोल-डीजल और विमान ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं। साथ ही खाद की कमी और महंगाई से किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगने वाला है, लेकिन प्रधानमंत्री जनता की समस्याओं से दूर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों को सोना नहीं खरीदने, गाड़ी कम चलाने और विदेश यात्रा से बचने की सलाह देते हैं, जबकि स्वयं महंगे विमान से विदेश यात्रा कर इटली की प्रधानमंत्री के साथ ‘मेलोडी टॉफी’ साझा कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने इसे देश की जनता की भावनाओं और आर्थिक परेशानियों के प्रति असंवेदनशीलता बताते हुए कहा कि यह व्यवहार आम भारतीयों के संघर्ष का मजाक उड़ाने जैसा है।