3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने कश्मीर पहुंचे सीडीएस

  • Post By Admin on Jun 27 2026
3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने कश्मीर पहुंचे सीडीएस

श्रीनगर : श्री अमरनाथ यात्रा-2026 की शुरुआत से पहले जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि शनिवार को कश्मीर पहुंचकर यात्रा मार्गों, नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अग्रिम क्षेत्रों में सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत जायजा लेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, सीडीएस श्रीनगर स्थित 15 कोर मुख्यालय में परिचालन तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही अग्रिम चौकियों का दौरा करेंगे। इस दौरान सैनिकों की तैनाती, घुसपैठ-रोधी सुरक्षा व्यवस्था और मौजूदा सुरक्षा हालात का मूल्यांकन किया जाएगा। सीडीएस बनने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक जम्मू-कश्मीर दौरा है।इससे पहले उन्होंने उधमपुर स्थित उत्तरी कमान और नगरोटा स्थित 16 कोर मुख्यालय में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आतंकवाद-रोधी अभियानों, सीमा सुरक्षा और अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्हें यात्रा मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी दी गई। जनरल सुब्रमणि ने राजौरी और पुंछ के सीमावर्ती इलाकों का भी दौरा कर अग्रिम चौकियों का निरीक्षण किया तथा सैन्य अधिकारियों के साथ सीमा पार से घुसपैठ रोकने के उपायों और मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा की।

यात्रा को देखते हुए सेना, अर्धसैनिक बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे जम्मू-कश्मीर में निगरानी बढ़ा दी है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी गई है और आतंकवाद-रोधी अभियान भी जारी हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके। इस बीच रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने लद्दाख के तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत की है, जहां वे वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। वहीं सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भी पूर्वी लद्दाख में सुरक्षा स्थिति, सैन्य तैयारियों और नागरिक-सैन्य समन्वय का आकलन किया। गौरतलब है कि श्री अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।