नई दिल्ली : भारत सुनामी और भूकंप जैसी विनाशकारी प्राकृतिक आपदाओं की समय रहते चेतावनी देने के लिए एक अत्याधुनिक प्रणाली विकसित करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत हिंद महासागर में 275 किलोमीटर लंबा पानी के नीचे स्मार्ट सेंसर युक्त संचार केबल बिछाया जाएगा, जो समुद्र के भीतर भूकंपीय गतिविधियों और सुनामी की संभावनाओं की पहले से जानकारी देगा।

यह परियोजना अभी अनुरोध प्रस्ताव (RFP) के चरण में है और इसे हैदराबाद स्थित भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) विकसित कर रहा है। INCOIS के निदेशक टीएम बालकृष्णन नायर के अनुसार, वर्तमान में सुनामी की निगरानी ‘बुओ’ (समुद्री तैरते उपकरणों) के माध्यम से की जाती है, लेकिन उन्हें बनाए रखना तकनीकी और आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण है। नई प्रणाली इनकी तुलना में अधिक विश्वसनीय और संवेदनशील होगी।

प्रस्तावित प्रणाली के तहत स्मार्ट केबल में अत्याधुनिक उपकरण जैसे बॉटम प्रेशर रिकॉर्डर, सीस्मोमीटर, टिल्ट मीटर और हाइड्रोफोन शामिल होंगे, जो समुद्र की 2,500 मीटर गहराई तक जाकर समुद्र के नीचे होने वाले भूस्खलन, अचानक दबाव परिवर्तन और भूकंप की गतिविधियों की निगरानी करेंगे।

यह स्मार्ट केबल अंडमान द्वीप समूह से लेकर अंडमान-निकोबार सबडक्शन जोन तक बिछाई जाएगी, जो एक सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र माना जाता है। इसके अलावा अंडमान में एक तटीय स्टेशन बनाया जाएगा, जहां से डाटा सीधे हैदराबाद स्थित डेटा प्रोसेसिंग केंद्र तक भेजा जाएगा और संभावित आपदा से पहले अलर्ट जारी किया जा सकेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह प्रणाली सफल होती है, तो यह न केवल भारत बल्कि पूरे हिंद महासागर क्षेत्र के लिए आपदा प्रबंधन में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है।

यह पहल समुद्री आपदाओं से होने वाली क्षति को न्यूनतम करने की दिशा में भारत की तकनीकी क्षमता और सतर्कता का प्रमाण मानी जा रही है।