10 हजार KM का सफर : पोलैंड से भारत पहुंचे तीन दोस्त, अब वाघा बॉर्डर से जाएंगे पाकिस्तान
- Post By Admin on Apr 03 2025

नई दिल्ली : पोलैंड के तीन दोस्त 10,000 किलोमीटर की लंबी यात्रा तय कर भारत घूमने पहुंचे हैं। यह सफर उन्होंने अपने ट्रक से पूरा किया है और अब वाघा बॉर्डर पार कर पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रहे हैं। तीनों दोस्तों ने नेपाल के रास्ते भारत में एंट्री ली और गोरखपुर होते हुए यहां पहुंचे। इसके बाद वे नई दिल्ली में रुकेंगे और फिर अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान में प्रवेश करेंगे। वहाँ से ईरान होते हुए वे अपने देश पोलैंड लौट जाएंगे।
इस यात्रा में शामिल एक व्यक्ति के लिए यह सफर बेहद खास है क्योंकि उन्होंने 1979 में इसी ट्रक से यात्रा की थी। पुरानी यादों को ताजा करने के लिए उन्होंने 2025 में दोबारा इसी ट्रक के साथ भारत आने का फैसला किया। इससे पहले 2023 में जब वे पाकिस्तान जाने वाले थे, तब बॉर्डर पर अप्रूवल न मिलने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा था, लेकिन इस बार उन्होंने सभी दस्तावेज पूरे कर लिए हैं।
यात्रा के लिए उन्होंने पहले अपने ट्रक को पानी के जहाज के जरिए मुंबई मंगवाया और फिर वहां से ट्रक चलाते हुए सीधे नेपाल पहुंचे। नेपाल से भारत में प्रवेश करने के बाद वे उत्तर प्रदेश और दिल्ली घूमते हुए आगे बढ़ रहे हैं। नई दिल्ली में वे अपने देश की एंबेसी और कुछ दोस्तों से मुलाकात करेंगे, इसके बाद पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे।
इन यात्रियों ने भारत की संस्कृति और लोगों की बहुत प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यहां के लोग बहुत मिलनसार हैं और भारत में यात्रा करना बेहद शानदार अनुभव है। अगर मौका मिला तो वे फिर से यहां आना चाहेंगे। वे पहले भी कई देशों की यात्रा ट्रक से कर चुके हैं और इस सफर को पूरा करने में उन्हें 30 से अधिक दिन का समय लगेगा।