चार भारतीय कंपनियों को मिली बड़ी राहत, अमेरिकी सैंक्शन लिस्ट से हटे नाम

  • Post By Admin on Jul 01 2026
चार भारतीय कंपनियों को मिली बड़ी राहत, अमेरिकी सैंक्शन लिस्ट से हटे नाम

नई दिल्ली : अमेरिका ने भारत की चार कंपनियों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें अपनी प्रतिबंध (सैंक्शन) सूची से हटा दिया है। इस फैसले के बाद इन कंपनियों के अंतरराष्ट्रीय कारोबार, बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन में आ रही कई बाधाएं दूर होने की उम्मीद है। इसे भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों के लिए भी सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

अमेरिकी प्रतिबंध सूची से हटाई गई भारतीय कंपनियों में हैदराबाद की आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, लोकेश मशीन्स लिमिटेड, अहमदाबाद की गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड और दिल्ली की शौर्य एरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। इन कंपनियों पर पहले रूस से जुड़े कारोबारी मामलों के कारण कार्रवाई की गई थी। इन कंपनियों को अमेरिकी कार्यकारी आदेश 14024 के तहत प्रतिबंधित किया गया था, जो रूस से जुड़े व्यापार और वित्तीय गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई के लिए लागू किया गया है। प्रतिबंध के चलते इन कंपनियों को अमेरिकी वित्तीय प्रणाली और कुछ अंतरराष्ट्रीय लेन-देन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) ने बताया कि जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही के लिए ट्रेड सैंक्शंस रिफॉर्म एंड एक्सपोर्ट एन्हांसमेंट एक्ट (टीएसआरए) के तहत जारी लाइसेंसों की रिपोर्ट भी जारी की गई है। इसके साथ ही विशेष रूप से नामित नागरिक (एसडीएन) सूची में कुछ नए नाम जोड़े गए हैं, जबकि कुछ पुराने नाम हटाए गए हैं। व्यापार विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय कंपनियों को प्रतिबंध सूची से हटाए जाने से उनके लिए विदेशी निवेश आकर्षित करना, बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करना और वैश्विक बाजार में कारोबार करना पहले की तुलना में अधिक आसान होगा। हालांकि, रूस से जुड़े मामलों में अमेरिका की प्रतिबंध नीति पहले की तरह प्रभावी बनी रहेगी।