सिर्फ ₹48 में खेलें ‘क्रिकेट 26’: जियो गेम्स ने फोन और टीवी पर शुरू किया नया क्रिकेट गेम
- Post By Admin on Oct 05 2026
नई दिल्ली : भारतीय गेमिंग और क्रिकेट प्रेमियों के लिए जियो गेम्स ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब महंगे कंसोल या हाई-एंड पीसी पर भारी भरकम रकम खर्च किए बिना ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट गेम का आनंद लिया जा सकेगा। प्लेटफॉर्म ने आधिकारिक तौर पर ‘क्रिकेट 26 – द ऑफिशियल गेम ऑफ द एशेज’ को अपनी क्लाउड गेमिंग सर्विस पर पेश कर दिया है।
इस गेम का अनुभव लेने के लिए यूज़र्स को जियो गेम्स प्रो पास लेना होगा, जिसकी शुरुआती कीमत महज 48 रुपये तय की गई है। यह सेवा सिर्फ जियो के ग्राहकों तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य टेलीकॉम और ब्रॉडबैंड नेटवर्क के उपभोक्ता भी इसका लाभ उठा सकते हैं। जियो अपने नेटवर्क उपभोक्ताओं को चुनिंदा प्लान्स पर 100 रुपये तक की अतिरिक्त छूट भी दे रहा है। 48 रुपये के बेस प्लान के साथ 98 रुपये और 398 रुपये के विकल्प भी उपलब्ध हैं, जबकि लंबी अवधि के लिए एनुअल पास और बंडल गेमिंग कंट्रोलर का विकल्प भी पेश किया गया है।
क्लाउड स्ट्रीमिंग तकनीक पर आधारित होने के कारण इस गेम को चलाने के लिए किसी महंगे हार्डवेयर की आवश्यकता नहीं पड़ती। इसे डेस्कटॉप या लैपटॉप पर क्रोम ब्राउज़र के जरिए सीधे स्ट्रीम किया जा सकता है। इसके अलावा एंड्रॉयड स्मार्टफोन, आईफोन, जियो सेट-टॉप बॉक्स और एंड्रॉयड स्मार्ट टीवी पर जियो गेम्स ऐप की मदद से इसे आसानी से खेला जा सकता है।
फीचर्स की बात करें तो ‘क्रिकेट 26’ में करियर मोड, टीम मैनेजमेंट, एडवांस्ड एशेज मोड, प्रो टीम, मल्टीप्लेयर और अपनी खुद की क्रिकेट एकेडमी तैयार करने जैसे कई विकल्प जोड़े गए हैं। गेमप्ले और बैटिंग मैकेनिक्स को पहले से काफी ज्यादा सटीक और रियलिस्टिक बनाया गया है। भारत जैसे बड़े क्रिकेट प्रेमी बाजार में, जहां महंगे गेमिंग हार्डवेयर हर किसी की पहुंच में नहीं हैं, जियो का यह किफायती क्लाउड गेमिंग मॉडल गेमर्स को एक नया और सहज विकल्प उपलब्ध कराता है।