जल-जीवन-हरियाली क्विज : जिलास्तरीय मुकाबले में 61 छात्र-छात्राएं दिखाएंगे प्रतिभा

  • Post By Admin on Dec 18 2025
जल-जीवन-हरियाली क्विज : जिलास्तरीय मुकाबले में 61 छात्र-छात्राएं दिखाएंगे प्रतिभा

लखीसराय : बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित जल-जीवन-हरियाली मिशन के तहत जिले में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं हरित आवरण को लेकर छात्र-छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित प्रखंड स्तरीय जल-जीवन-हरियाली क्विज प्रतियोगिता के बाद अब शुक्रवार को जिलास्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कुल 61 चयनित छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

गुरुवार को लखीसराय एवं चानन प्रखंड में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उच्च एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चानन प्रखंड के राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय, मननपुर में आयोजित प्रतियोगिता में 52 प्रतिभागियों ने ओएमआर शीट के माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज कराई। परिणामस्वरूप उच्च माध्यमिक विद्यालय, घोषीकुंडी की प्रिया कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सरोजिनी कुमारी एवं रिंकू कुमारी ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं अमन कुमार सुमन एवं अंश कुमार ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसी तरह लखीसराय प्रखंड में महिला विद्या मंदिर प्लस टू उच्च विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में 56 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिलौरी के अमित राज प्रथम स्थान पर रहे, जबकि गढ़ी बिशनपुर की रिशिका कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सूरज कुमार, चरणजीत कुमार एवं सूर्यदेव कुमार संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।

इन दोनों प्रखंडों से चयनित कुल 10 प्रतिभागियों का चयन जिलास्तरीय क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया है। जिले के आठों शैक्षणिक अंचलों से चयनित कुल 61 छात्र-छात्राएं शुक्रवार को लखीसराय समाहरणालय परिसर स्थित खेल भवन में आयोजित जिलास्तरीय जल-जीवन-हरियाली क्विज प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के नाम पुरस्कार के लिए राज्य मुख्यालय भेजे जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को आगामी 6 जनवरी को पटना में आयोजित जल-जीवन-हरियाली दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय राजकीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में न केवल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दे रही है, बल्कि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति उन्हें जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभा रही है।