जमीन विवाद में हिंसक झड़प, एक दर्जन लोग घायल
- Post By Admin on Dec 16 2024

लखीसराय : ज़िले के मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के खावा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच बीते रविवार को हुई हिंसक झड़प में एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया हैl जहां कई की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की शुरुआत बीते रविवार सुबह हुईl जब अनिल महतो और सुनील महतो के बीच पुरानी जमीन विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। यह विवाद जल्द ही हिंसक झड़प में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घायल लोगों में पहला पक्ष में सुनील महतो, विनोद कुमार, विनय कुमार, गोपाल महतो, दिलीप कुमार और बेबी देवी शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष में अनिल महतो, करण कुमार, विवेक कुमार, विभूति वैभव और सुनीता देवी शामिल हैं।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक यह विवाद लंबे समय से चल रहा था और अंचलाधिकारी कार्यालय तथा थाना में इसका समाधान करने की कोशिश की जा रही थी लेकिन बीते रविवार को यह घटना हिंसा में बदल गई। जिससे गांव में तनाव पैदा हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मेदनी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद खावा गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वर्तमान में सभी घायल अस्पताल में इलाजरत हैं और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।