आईपीएस विकास वैभव का लखीसराय आगमन, छात्रों से संवाद और खेल प्रतियोगिता में हुए शामिल
- Post By Admin on Apr 03 2026
लखीसराय : ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के संस्थापक एवं वरिष्ठ अधिकारी विकास वैभव शुक्रवार को लखीसराय पहुंचे, जहां उनके आगमन पर विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर दर्शन किए, छात्रों से संवाद किया तथा खेल प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर में वालगुदर गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 80 के समीप स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे अशोक धाम मंदिर पहुंचे और बाबा इंद्रदमनेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भी उपस्थित लोगों ने उनका अभिनंदन किया।
अशोक धाम से निकलने के बाद उनका काफिला जमुई मोड़ पहुंचा, जहां स्थानीय लोगों और युवाओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे कुमार प्रोग्रेसिव स्कूल पहुंचे, जहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों से मुलाकात की और उन्हें शिक्षा, अनुशासन तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्रों ने भी उनसे विभिन्न विषयों पर संवाद कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इसके बाद विकास वैभव केआरके मैदान पहुंचे, जहां आयोजित महिला फुटबॉल जिलास्तरीय खेल प्रतियोगिता में उन्होंने भाग लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके विचारों और प्रेरणादायक संदेशों की सराहना की। कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे पटना के लिए प्रस्थान कर गए।