लखीसराय संग्रहालय की विरासत ने मोहा विकास वैभव का मन, संरक्षण प्रयासों की सराहना

  • Post By Admin on Apr 03 2026
लखीसराय संग्रहालय की विरासत ने मोहा विकास वैभव का मन, संरक्षण प्रयासों की सराहना

लखीसराय : बिहार के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं इतिहास प्रेमी विकास वैभव ने शुक्रवार को लखीसराय संग्रहालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय की चारों दीर्घाओं का विस्तृत भ्रमण कर बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी कलाकृतियों और पुरातात्विक अवशेषों का अवलोकन किया।

भ्रमण के दौरान संग्रहालय के वरीय तकनीकी सहायक राजेश कुमार ने उन्हें लाली पहाड़ी से प्राप्त दुर्लभ टेराकोटा (मृण्मूर्तियां) और प्राचीन प्रतिमाओं के इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने इन पुरातात्विक अवशेषों के ऐतिहासिक महत्व तथा उनके कालखंड से संबंधित महत्वपूर्ण और शोधपरक जानकारियां भी साझा कीं।

संग्रहालय में मूर्तियों के आधुनिक प्रदर्शन और प्रकाश व्यवस्था को देखकर विकास वैभव ने इसकी सराहना की। उन्होंने तकनीकी सहायक द्वारा दी गई विस्तृत और शोधपरक जानकारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर प्रधान शिक्षक पीयूष झा भी उपस्थित रहे। वहीं संग्रहालय के सहायक ने बताया कि बिहार की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखने और उसे व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए उनके प्रयास लगातार जारी हैं।