मुजफ्फरपुर में चलती XUV में लगी भीषण आग, सवारों ने कूदकर बचाई जान
- Post By Admin on Aug 19 2026
मुजफ्फरपुर: मुसहरी थाना क्षेत्र के नरौली चौक के पास पूसा रोड की ओर जा रही एक XUV में अचानक आग लग गई। चलते वाहन से धुआं उठने के बाद कार सवारों ने समय रहते गाड़ी रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और सड़क किनारे खड़ी XUV धू-धूकर जलने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार नरौली चौक के पास पहुंची ही थी कि उससे अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए कार में सवार लोगों ने तुरंत वाहन रोक दिया और बाहर निकलकर सुरक्षित दूरी पर चले गए। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और कार आग के गोले में तब्दील हो गई। घटना के बाद सड़क पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। समय रहते कार सवारों के बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि वाहन पर VIP नंबर के साथ पुलिस और वकील से संबंधित लोगो भी लगे हुए थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, XUV पटना के लोहिया नगर निवासी राकेश कुमार के नाम पर पंजीकृत है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन में आग किस वजह से लगी।