दो दिवसीय शास्त्रीय नृत्य महोत्सव रंगायन का उद्घाटन
- Post By Admin on Nov 26 2024

पटना : उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 और 26 नवम्बर को प्रेमचंद रंगशाला में दो दिवसीय शास्त्रीय नृत्य महोत्सव “रंगायन” का आयोजन किया गया है। इस महोत्सव को बिहार संगीत नाटक अकादमी का सहयोग प्राप्त है।
सोमवार को महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की निदेशक श्रीमती रूबी, विभाग के सचिव दयानिधान पाण्डेय और बिहार संगीत नाटक अकादमी के सचिव अनिल कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के बाद महोत्सव की शुरुआत पटना की प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना नीलम चौधरी और उनके दल द्वारा कत्थक नृत्य की प्रस्तुति से हुई। इस नृत्य की संगीत संयोजन चंद्रचूड़ भट्टाचार्य का था और इसमें नृत्यांगनाओं ने मधुराष्टकं, नृत्य अंग तथा सूफी थीम पर आधारित अभिनय की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। नृत्य दल में सुब्रत पंडित, रश्मि चौधरी, शाहिद वारसी, संदीप सरकार, सलोनी मल्लिक, शालिनी सिंह और मानसी मेहा ने भाग लिया।
इसके बाद वाराणसी की प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना आरती थापा और उनके दल ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस प्रस्तुति में नेहा कुमारी, अदिति सिंह, अनामिका प्रसाद, राम बाबु और रतन गोंड शामिल थे। इन कलाकारों ने आन्गिकम भुवनम श्लोक, मयूर अलारिपू (ताल- मिश्रा चापू), कीर्तनम (राग चतुर्दशी- ताल- आदि ताल) और तिल्लाना (राग कदनाकुठुहलम, ताल- आदि ताल) की शानदार प्रस्तुति दी।
द्विदिवसीय इस शास्त्रीय नृत्य महोत्सव में कत्थक और भरतनाट्यम के अलावा अन्य शास्त्रीय नृत्य रूपों का भी प्रदर्शन होगा। जिससे दर्शक शास्त्रीय नृत्य की विविधता और गहराई से परिचित होंगे। महोत्सव में देशभर के विभिन्न नृत्यकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे, जो कला प्रेमियों के लिए एक अद्भुत अनुभव होगा।