लंगट सिंह कॉलेज में शान से लहराया तिरंगा, प्राचार्या ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

  • Post By Admin on Aug 15 2026
लंगट सिंह कॉलेज में शान से लहराया तिरंगा, प्राचार्या ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज में शनिवार को देश की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कॉलेज के डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्मृति पार्क में प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने कॉलेज परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि आजादी असंख्य देशवासियों के त्याग, संघर्ष और सपनों की लंबी यात्रा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी वर्ग ही आने वाले भारत की दिशा तय करेगा। इसलिए शिक्षा को केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति सच्ची आस्था रखते हुए अपने कर्तव्यों और दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। समाज में शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में भी सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

प्राचार्या ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि आने वाली पीढ़ी के स्वर्णिम भविष्य के निर्माण में नए उत्साह और समर्पण के साथ योगदान देंगे। उन्होंने महाविद्यालय के उच्च शैक्षणिक लक्ष्यों को हासिल करने में सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से लंगट सिंह कॉलेज शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने में सफल होगा।

ध्वजारोहण के बाद कॉलेज की सांस्कृतिक टीम ने संगीत विभाग के सहयोग से ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। इस अवसर पर कॉलेज की एनसीसी टीम ने भव्य परेड प्रस्तुत कर प्राचार्या को सलामी दी। समारोह में कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।