स्वतंत्रता दिवस पर चेतन साधन आईटीआई में ध्वजारोहण, युवाओं को हुनर से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

  • Post By Admin on Aug 15 2026
स्वतंत्रता दिवस पर चेतन साधन आईटीआई में ध्वजारोहण, युवाओं को हुनर से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

मुजफ्फरपुर : चेतन साधन आईटीआई में देश की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के माहौल में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. नवीन कुमार ने कहा कि आजादी के 80 वर्षों की यात्रा हमें यह सोचने का अवसर देती है कि आने वाली पीढ़ी को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में केवल डिग्री या प्रमाणपत्र हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक कौशल ही युवाओं को वास्तविक आत्मनिर्भरता की ओर ले जा सकता है। उन्होंने कहा कि संस्थान कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में काम करेगा, ताकि यहां से प्रशिक्षित विद्यार्थी केवल नौकरी की तलाश करने वाले न बनें, बल्कि स्वयं रोजगार के अवसर पैदा करने में भी सक्षम हों।

डॉ. नवीन कुमार ने कहा कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास आज की सबसे बड़ी जरूरतों में शामिल हैं। चेतन साधन द्वारा भारत सरकार और बिहार सरकार की कौशल विकास योजनाओं को ‘कुशल युवा कार्यक्रम’ और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से क्रियान्वित किया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क तकनीकी एवं कौशल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीक के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करना संस्थान की प्राथमिकता है। इससे युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ देश के आर्थिक विकास में भी योगदान दे सकेंगे।

समारोह में विजय कुमार, सरोज कुमार, भारतेंदु कुमार, सचिन कुमार, चंद्रशेखर कुमार, पवित्र सहनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान संस्थान परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।