राजकीय डिग्री कॉलेज गायघाट में स्वतंत्रता दिवस की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
- Post By Admin on Aug 15 2026
मुजफ्फरपुर : राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गायघाट, मुजफ्फरपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह की शुरुआत सुबह 10:15 बजे राष्ट्रगीत के साथ हुई। इसके बाद सुबह 10:30 बजे महाविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया और 10:35 बजे राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पयोली ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश अगली पीढ़ी का है और उसके भविष्य के निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गायघाट को सफल और बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को मिलकर योगदान देना होगा। प्राचार्या ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और सक्रिय सहभागिता से महाविद्यालय को नई पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. उपांशु ने किया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताओं और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नविता और इन्द्रासन कुमारी ने ‘वो देश मेरे’ गीत प्रस्तुत किया। सविता ने ‘झांसी की रानी’ विषय पर कविता सुनाई, जबकि शालू ने ‘पुष्प की अभिलाषा’ कविता प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया। वंदना कुमारी और अनीता कुमारी ने ‘ऐ मेरी ज़मीं’ गीत प्रस्तुत किया। वहीं, राजेश कुमार ने तिरंगे पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों ने परिसर में आकर्षक रंगोली भी तैयार की, जिसने समारोह की सुंदरता बढ़ा दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का समन्वय महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति ने किया। समिति की देखरेख डॉ. ज्योति रानी, डॉ. विशाल तिवारी और डॉ. शिल्पा उपाध्याय ने की। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. सुशील कुमार, गणेश महतो, डॉ. तरुण भट्ट, डॉ. दत्तात्रेय, अभिज्ञान रंजन, शिखा रॉय और अंजू प्रकाश समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बर्सर डॉ. अर्धेंदु ने नव नियुक्त शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में हाल ही में योगदान देने के बावजूद शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता और उत्साह के साथ कार्य किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के समापन के बाद महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। जलपान के साथ समारोह का समापन हुआ और पूरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह एवं देशभक्ति का माहौल बना रहा।