संत रविदास को नमन : दलित साहित्य अकादमी व नवयुवक समिति ने दी श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Feb 03 2026
मुजफ्फरपुर : नवयुवक समिति ट्रस्ट सभागार में मंगलवार को दलित साहित्य अकादमी एवं नवयुवक समिति के संयुक्त तत्वावधान में विश्व के महान संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश केजड़ीवाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. भगवान लाल सहनी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन दलित साहित्य अकादमी के प्रमंडलीय अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार सत्यन ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय दलित साहित्य अकादमी के प्रांतीय अध्यक्ष रामवृक्ष राम चकपुरी ने अपने संबोधन में संत रविदास जी के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन समाज में समता, बंधुत्व और मानवता का संदेश देता है, जो आज भी प्रासंगिक है।
भारतीय दलित साहित्य अकादमी के प्रमंडलीय सचिव उमेश राज ने अपने दोहों के माध्यम से सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन शहर के समाजसेवी मोहन प्रसाद सिन्हा ने किया।
इस अवसर पर गणमान्य नागरिकों में गणेश प्रसाद, रणवीर अभिमन्यु, सुनील कुमार कलाकार, बैजू कुमार, उमेश राज, स्वतंत्रता सेनानी महेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, अजय कुमार, डॉ. जगदीश शर्मा, दीनबंधु आजाद सहित अन्य लोगों ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात कर समाज में समानता और सामाजिक न्याय को मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।