सामाजिक न्याय के योद्धा को श्रद्धांजलि, जयंती पर याद किए गए कर्पूरी ठाकुर
- Post By Admin on Jan 24 2026
मुजफ्फरपुर : सामाजिक एकता फोरम, मुजफ्फरपुर द्वारा शनिवार को मालीघाट स्थित चूना भट्टी रोड, मोर्चा कार्यालय में जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर संजय कुमार सुमन ने की।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. संजय कुमार सुमन ने कहा कि कोई यूं ही जननायक नहीं बनता, इसके लिए स्वयं को जनता के हित में समर्पित करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का पूरा जीवन जनसंघर्ष और जनसेवा को समर्पित रहा। बड़े पदों पर रहने के बावजूद उनका जीवन सरल, सादा और जनहितकारी रहा। वे अंतिम सांस तक समाज के कमजोर, दबे-कुचले और शोषित वर्ग की आवाज बने रहे।
मुख्य वक्ता प्रोफेसर संतोष सारंग ने जननायक को दलितों, शोषितों और वंचितों की मुखर आवाज बताया। सामाजिक कार्यकर्ता विशुनदेव यादव ने कहा कि सामाजिक जागृति के माध्यम से ही कर्पूरी ठाकुर के सपनों को साकार किया जा सकता है। शिक्षक ललन भगत ने उन्हें सामाजिक न्याय का मजबूत स्तंभ बताया।
राजा भारती ने शिक्षा को सामाजिक चेतना का आधार बताया, जबकि हेमनारायण विश्वकर्मा ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय के बड़े योद्धा थे। कवि व सामाजिक कार्यकर्ता सत्येंद्र कुमार सत्येन ने उन्हें बिहार का सबसे ईमानदार जननेता बताया। गांधीवादी सोनू सरकार ने कहा कि उनके विचार शोषण के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देते हैं। वहीं रंगकर्मी बैजू कुमार ने कहा कि उनका व्यक्तित्व समाज के कमजोर और बेबस लोगों को आगे बढ़ने की शक्ति देता है।
कार्यक्रम में विशुनदेव यादव, ललन भगत, राजा भारती, श्याम कुमार, सोनू सरकार, मुन्ना कुमार, केदार प्रसाद सिंह, विक्रम जय नारायण निषाद, अर्जुन कुमार गुप्ता, मोहम्मद यशीन, हेमनारायण विश्वकर्मा, शिव कुमार राय, दिनेश प्रसाद, अनिल कुमार ठाकुर, चिराग पोद्दार, स्वेता कुमारी, सत्येंद्र कुमार सत्येन, उमेश राज, मुस्कान केशरी, अनीता कुमारी, राजू कुमार, पूनम कुमारी, रिया कुमारी, कृति कुमारी, भोला शाह, चंदन कुमार, बिंदिया कुमारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक मोर्चा के सचिव राजू कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।