दर्दनाक सड़क हादसे में तीन की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
- Post By Admin on Dec 05 2024

गुमला : जिले के बसिया थाना गेट के पास बुधवार रात करीब दो बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक कार ने चेकनाका के पास खड़ी बीड़ी पत्ता से लदे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की पहचान प्रवीण कुमार, रतन घोष और पवन साहू के रूप में हुई है। ये सभी रांची के पिस्का मोड़ हेसल देवी मंडप रोड के निवासी थे। घायलों में विश्वजीत घोष और असीम घोष शामिल हैं। इन सभी का इलाज अस्पताल में जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग रांची से सिमडेगा शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद लौटते समय बसिया के पास खड़ी ट्रक से उनकी कार टकरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायलों का इलाज गुमला के अस्पताल में चल रहा है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। वही, स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।