झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी, 15 लाख का इनामी नक्सली मार्टिन केरकेट्टा मुठभेड़ में ढेर

  • Post By Admin on Aug 06 2025
झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी, 15 लाख का इनामी नक्सली मार्टिन केरकेट्टा मुठभेड़ में ढेर

गुमला : झारखंड पुलिस को नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) का सरगना और 15 लाख रुपये का इनामी नक्सली मार्टिन केरकेट्टा मंगलवार देर रात गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।

सूत्रों के अनुसार, मार्टिन अपने दस्ते के साथ चंगाबाड़ी ऊपरटोली इलाके में एक व्यवसायी से लेवी वसूलने पहुंचा था। गुप्त सूचना पर गुमला पुलिस और एंटी नक्सल क्यूआरटी की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख नक्सलियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में चली कार्रवाई में मार्टिन मौके पर ही ढेर हो गया। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से हथियार भी बरामद किए हैं।

गुमला के एसपी हरिश बिन जमा ने पुष्टि करते हुए कहा, “15 लाख का इनामी और पीएलएफआई का शीर्ष नक्सली मार्टिन केरकेट्टा मुठभेड़ में मारा गया है। यह पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है।”

करीब दो दशकों से खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और रांची जिले में दहशत का पर्याय बना मार्टिन 70 से अधिक नक्सली घटनाओं का वांछित आरोपी था। वह कभी पीएलएफआई के कुख्यात सरगना दिनेश गोप का करीबी सहयोगी रहा था और उसकी गिरफ्तारी के बाद संगठन की बागडोर संभाल रहा था।

मार्टिन का मूल निवास गुमला जिले के कामडारा स्थित रेड़मा गांव है। वह नक्सली संगठन की केंद्रीय समिति का सदस्य भी था और लेवी वसूली से लेकर हिंसक वारदातों तक में सक्रिय भूमिका निभाता था। इस मुठभेड़ के बाद से इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।

पुलिस को उम्मीद है कि मार्टिन की मौत से नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और इससे क्षेत्र में शांति स्थापना की दिशा में मजबूती मिलेगी।