सदर अस्पताल की स्थिति में कई सुधार नहीं, मरीजों को हो रही सुविधाओं की कमी
- Post By Admin on Nov 26 2024

मुजफ्फरपुर : जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन द्वारा कुछ दिन पहले सदर अस्पताल का निरीक्षण करने के बावजूद अस्पताल की सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में कोई खास सुधार नहीं आया है। अस्पताल में साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
सदर अस्पताल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अस्पताल की सफाई और मरीजों को सुविधाएं देने के लिए दिशा-निर्देश दिए थे लेकिन ओपीडी के पास खुले में कचरा फेंका जा रहा है। जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। अस्पताल में आने-जाने वालों को कचरे के ढेर से गुजरना पड़ता है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से भी खतरनाक है।
अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों का कहना है कि तीन से चार दिन के अंतराल पर ही चादर बदली जाती है। गंदे चादर पर ही मरीजों को सोने को मजबूर होना पड़ता है। जिससे उनकी परेशानियां बढ़ रही हैं। ठंड बढ़ने के बावजूद अस्पताल की ओर से मरीजों को कम्बल नहीं दिए जा रहे हैं।
जिससे मरीजों को अपने घर से लाए हुए कम्बल का सहारा लेना पड़ रहा है। यह स्थिति इस बात को दर्शाती है कि अस्पताल प्रशासन द्वारा दी गई सुविधाओं में सुधार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं और अस्पताल में भर्ती मरीजों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। स्थानीय निवासियों और अस्पताल में भर्ती मरीजों ने प्रशासन से शीघ्र सुधार की उम्मीद जताई है।