मुजफ्फरपुर: जिले के खबड़ा मंदिर परिसर में खबड़ा शाखा की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत दिवंगत पूर्व सैनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर तथा राष्ट्रगान के साथ की गई। इस अवसर पर शाखा द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर का विधिवत विमोचन भी किया गया।
बैठक के दौरान नए सदस्यों का परिचय शाखा उपाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद सिंह द्वारा कराया गया। इसके पश्चात शाखा अध्यक्ष अरविंद कुमार ने नए सदस्यों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राम प्रवेश सिंह एवं जिला अध्यक्ष संतोष कुमार चौधरी ने छह वीर नारियों को मोमेंटो और कैलेंडर भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने खबड़ा शाखा को संघ की एक मजबूत और सक्रिय इकाई बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी संगठित और अनुशासित शाखाएं ही संघ को निरंतर सशक्त बनाती हैं।
बैठक में कुल 55 सदस्यों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो अब तक की सर्वाधिक उपस्थिति रही। इससे शाखा की सक्रियता और संगठन के प्रति सदस्यों की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। अंत में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ बैठक का समापन किया गया।




















