मृत महिला की संदिग्ध हत्या पर परिवार ने लगाया ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

  • Post By Admin on Nov 22 2024
मृत महिला की संदिग्ध हत्या पर परिवार ने लगाया ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

मुजफ्फरपुर : जिले के सदर थाना क्षेत्र के पताही जगन्नाथ गांव में बीते 2 नवंबर को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया। मृतका के पिता परमानन्द सिंह ने अपनी पुत्री जूही कुमारी की हत्या का आरोप ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों पर लगाया है। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 741/24 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

परमानन्द सिंह के अनुसार उनकी पुत्री की शादी 11 दिसंबर 2020 को चन्दन कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में 26 लाख रुपये नकद, आभूषण, कीमती सामान और अन्य उपहार दिए गए थे। बावजूद इसके ससुराल पक्ष की ओर से 5 लाख रुपये के अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी पुत्री को शादी के बाद से ही मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसे खाना बनाने, संतान न होने और अन्य घरेलू मामलों को लेकर बार-बार ताने दिए जाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसकी हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।

परमानन्द सिंह ने कहा कि घटना के दिन जूही की सास, ससुर, पति और देवर सहित अन्य सभी घर में मौजूद थे। जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने मृतका के गले पर निशान और चोट के गंभीर निशान देखे। उन्होंने दावा किया कि जूही की गला घोंटकर हत्या की गई थी। परमानन्द सिंह ने पुलिस जांच पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट और जब्ती ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं का उल्लेख नहीं किया गया है। 17 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जूही के परिवार ने पुलिस महानिरीक्षक से इस मामले में निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। परिवार ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपियों द्वारा सबूत मिटाने और गवाहों को धमकाने की कोशिश की जा रही है।