मुजफ्फरपुर : सदर अस्पताल परिसर स्थित दीदी की रसोई का भवन काफी जर्जर हो गया है। रसोई की फर्श पर लगे टाइल्स धसने के कारण वहां आना-जाना मुश्किल हो गया है। जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। टाइल्स टूटने से गिरने की स्थिति उत्पन्न हो गई है और इसके कारण हाथ-पैर टूटने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा रसोई की छत और दीवारों की हालत भी अत्यंत खराब हो गई है। दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं और छत के गिरने का डर है। ऐसे में यहां काम करने वाली जीविका दीदियों के लिए यह माहौल काफी खतरनाक हो गया है। वे डर के माहौल में काम करने को विवश हैं। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह से उदासीन है और अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे काम करने वाली महिलाओं में निराशा और डर का माहौल बना हुआ है। अगर इस स्थिति को जल्द सुधारने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो यह हादसों का कारण बन सकता है।