जल-जीवन-हरियाली क्विज : 16 प्रतिभागी जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

  • Post By Admin on Dec 17 2025
जल-जीवन-हरियाली क्विज : 16 प्रतिभागी जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

लखीसराय : बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित जल-जीवन-हरियाली मिशन के तहत बुधवार को लखीसराय जिले के हलसी एवं रामगढ़ चौक प्रखंड में प्रखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और हरियाली के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। दोनों प्रखंडों से कुल 16 छात्र-छात्राओं का चयन आगामी जिलास्तरीय क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया।

हलसी प्रखंड में प्रतियोगिता का आयोजन प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू आदर्श उच्च विद्यालय, हलसी में किया गया। प्रतियोगिता प्रभारी प्रधानाध्यापक रामानुज कुमार एवं नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में प्रतियोगिता स्वच्छ, पारदर्शी एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई। इसमें विभिन्न उच्च विद्यालयों के 30 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
परिणामस्वरूप उत्क्रमित उच्च विद्यालय बहछा के शिवराज कुमार ने प्रथम, सुधांशु कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय दीरा हरेवा की करीना कुमारी व अंकुश कुमार तथा उच्च विद्यालय प्रतापपुर की सुष्मिता भारती संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा उच्च विद्यालय हलसी की राखी कुमारी एवं शिवानी कुमारी, उच्च माध्यमिक विद्यालय बहछा के शुभम कुमार तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय दीरा हरेवा की नंदिता कुमारी का चयन जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित प्रतिभागियों को प्रखंड विकास पदाधिकारी अर्पित आनंद द्वारा कलम प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

रामगढ़ चौक प्रखंड में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन रामस्नेही प्लस टू उच्च विद्यालय, परसावां में किया गया। नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में 37 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। ओएमआर शीट के माध्यम से 25 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की परीक्षा ली गई।
इसमें उच्च विद्यालय परसावां के अर्पित कुमार पाण्डेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं गीता कुमारी, सुष्मिता कुमारी एवं खुशी कुमारी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। आदर्श कुमार, सरफराज आलम एवं नंदनी कुमारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। रामगढ़ चौक प्रखंड से कुल सात छात्र-छात्राओं का चयन जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

इस प्रकार हलसी प्रखंड से नौ एवं रामगढ़ चौक प्रखंड से सात छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है, जो आगामी शुक्रवार को खेल भवन, लखीसराय में आयोजित जिलास्तरीय क्विज प्रतियोगिता में भाग लेंगे। नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा ने बताया कि जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देशानुसार अब तक जिले के छह प्रखंडों से कुल 51 छात्र-छात्राओं का चयन किया जा चुका है। गुरुवार को चानन एवं लखीसराय प्रखंड में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 6 जनवरी को पटना में आयोजित जल-जीवन-हरियाली दिवस के राजकीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।