राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किशोरियों के बीच खेल-कूद प्रतियोगिता आयोजित
- Post By Admin on Feb 13 2024
.jpg)
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वाधान में राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महादलित टोला रामचंद्रपुर के किशोरी समूहों के बीच खेल-कूद प्रतियोगिता का अयोजन किया गया। जिसमें कबड्डी, लंगड़ी दौड़, मंडल खो-खो, गणेश छू सहित कई शारीरिक व मानसिक विकास को लाभ पहुंचाने वाले खेल-कूद का आयोजन किया गया।
निगम के जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि आज राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस प्रकार के कार्यक्रम कराने का मुख्य उद्देश्य है बेटियों को जागरूक करना ताकि वे अपने अधिकार को जानें। गुड टच बैड टच को पहचानें। यदि कोई असामाजिक तत्व कोई आपत्तिजनक कमेंट या व्यवहार करता है तो बिना संकोच किए अपने माता-पिता या अभिभावक को जानकारी दें। किसी भी प्रकार के प्रलोभन या झांसा में नहीं आएं। मन लगाकर पढ़ाई पूरी करनी है। सरकार के द्वारा बेटियों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है जिससे बेटियां ऊंचाई को प्राप्त करें। आज बेटी हो या महिला सभी क्षेत्रों में अपना परचम लहरा रही है।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पुनम कुमारी के द्वारा किशोरी समूह को लिंग आधरित हिंसा और लैंगिक असमानता के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि बाल मजदूरी नहीं करना है, यदि कोई बाल मजदूरी कराता है तो उसपर प्रशासन के द्वारा कानूनी कार्यवाई की जाती है क्योंकि बाल मजदूरी गैर कानूनी काम है। बाल मजदूरी से सम्बन्धित कोई समस्या होने पर 1098 पर सम्पर्क कर सकते हैं या फिर कार्यालय आकर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बाल विवाह भी गैरकानूनी है। बाल विवाह से शारीरिक, मानसिक व आर्थिक क्षति होता है जिसकी कभी भी भारपाई नहीं की जा सकती है। बाल विवाह के लिए यदि कोई दबाव बनाया जाता है तो आप 181 पर कॉल कर मदद ले सकते हैं। यदि महिलाओं के साथ कोई हिंसा होती है तो डटकर उसका विरोध करना चाहिए और वन स्टॉप सेंटर में आकर समस्या दर्ज कराना चाहिए।
जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने किशोरी समूह को संबोधित करते हुए बताया कि कोई भी किशोरी या महिला स्वावलंबन या किसी भी प्रकार की मदद के लिए जिला हब कार्यालय में आकर अपनी समस्या दर्ज करा सकती हैं, जिसे सम्बंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर दूर किया जाएगा।अंत में सभी किशोरियां के बीच सेनेटरी नेपकिन का वितरण किया गया। मौके पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, जिला समन्वयक उड़ान आरिफ हुसैन, प्रखंड समन्वयक राज अंकुश शर्मा, विकास मित्र उर्मिला कुमारी सहित दर्जनों किशोरी उपस्थित रहें।