साहेबगंज में घर में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर और 7 साल की पोती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
- Post By Admin on Aug 19 2026
मुजफ्फरपुर: साहेबगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-3 में माई स्थान मंदिर के समीप मंगलवार को घर में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर मुर्तुजा अंसारी उर्फ भोला मियां (62) और उनकी सात वर्षीय पोती अनब खातून की हत्या कर दी गई। घटना में मृतक के पुत्र मो. शमीम भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में पट्टीदारी के युवक अल्ताफ आलम को गिरफ्तार किया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भोला मियां घर के एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान पट्टीदारी का युवक अल्ताफ आलम कथित तौर पर घर में घुसा और खंती से उन पर हमला कर दिया। उसी कमरे में सो रही उनकी सात वर्षीय पोती अनब खातून भी हमले की चपेट में आ गई। हमले में भोला मियां की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनब खातून मृतक के बड़े पुत्र और शिक्षक मो. मेराज की बेटी थी। घटना के दौरान घर पहुंचे भोला मियां के पुत्र मो. शमीम पर भी खंती से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई भी की, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे बाद ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर और सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर भी घटनास्थल पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई खंती भी बरामद कर ली है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल शमीम को प्राथमिक उपचार के बाद एसकेएमसीएच रेफर किया गया। पुलिस अभिरक्षा में आरोपी अल्ताफ आलम को भी इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, भोला मियां और आरोपी के परिवार के बीच पहले से विवाद चल रहा था। दोनों परिवारों के दादा आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में जमीन के लिए दिए गए रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।