विधानसभा चुनाव-2025 की तैयारियों की समीक्षा, महिला और नए मतदाताओं पर विशेष ध्यान
- Post By Admin on Oct 03 2025

लखीसराय : जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आज समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में बिहार विधानसभा निर्वाचन-2025 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोषांगों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी, EROS और AEROS सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियों का विस्तृत विश्लेषण किया गया। विशेष रूप से महिला मतदाताओं और नए मतदाताओं की संख्या पर चिंता जताई गई। जिला पदाधिकारी ने बताया कि 18-19 वर्ष की आयु वर्ग की जनसंख्या में 5% की वृद्धि हुई है, जबकि नए मतदाताओं की संख्या में केवल 1.25% की वृद्धि दर्ज हुई है। इसी को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ट्रांसजेंडर मतदाताओं की सूची तैयार कर उनसे बैठक कराएं और उन्हें मतदाता जागरूकता अभियान में शामिल किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिले में कुल 6 मॉडल मतदान केंद्र स्थापित किए जाएं, जिनमें पर्यटन स्थल की थीम पर मॉडल बूथ बनाए जाएं। सभी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, विधि व्यवस्था और सीमा पर चेक पोस्ट स्थापना सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने नोडल प्रशिक्षण कोषांग को सभी कर्मियों और पदाधिकारियों का ससमय प्रशिक्षण पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही, 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 5,946 और 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 238 पाई गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, अपर विकास आयुक्त, बंदोबस्त पदाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, वरीय उपसमाहर्ता, अनुमंडल अधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक और जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी उपस्थित रहे।