मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना द्वितीय चरण : महिलाओं को मिला 10-10 हजार रुपए का लाभ
- Post By Admin on Oct 03 2025

लखीसराय : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत लखीसराय जिले की 15,235 महिलाओं के बैंक खातों में शुक्रवार को दूसरी क़िस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजे गए। इससे पहले 26 सितंबर को जिले की 68,840 महिलाओं के खाते में पहली क़िस्त का अंतरण किया गया था। अब तक कुल 84,040 महिलाओं के खाते में राशि भेजी जा चुकी है।
कार्यक्रम का संचालन मंत्रणा कक्ष, समाहरणालय परिसर में किया गया, जिसमें जिलाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्रा, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक श्री नीरज कुमार और जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती अनिता कुमारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में 350 से अधिक लाभुक महिलाएं भी शामिल हुईं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने राज्य की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी 25 लाख महिलाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि भेजी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, श्री विजय कुमार सिन्हा और मंत्री श्री श्रवण कुमार भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे।
जिलाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्रा ने जीविका दीदियों से संवाद करते हुए उन्हें सब्जी उत्पादन, लोकगीतों का संरक्षण और कन्या विवाह मंडप की देख-रेख जैसी योजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर महिला तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर सभी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सीधे जुड़े और लाभुक महिलाओं ने राशि अंतरण प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव लिया।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाएं अब स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ेंगी और अपने जीवन में आर्थिक सशक्तिकरण के साथ आत्मनिर्भर बनेंगी।