मुजफ्फरपुर के प्रख्यात कलाकार रॉबिन रंगकर्मी का निधन, रंगमंच जगत में शोक की लहर

  • Post By Admin on Mar 18 2026
मुजफ्फरपुर के प्रख्यात कलाकार रॉबिन रंगकर्मी का निधन, रंगमंच जगत में शोक की लहर

मुजफ्फरपुर : शहर के सुप्रसिद्ध नाट्य निर्देशक एवं रंगकर्मी रॉबिन रंगकर्मी का बुधवार सुबह 5:57 बजे उनके निवास स्थान बीवीगंज, मुजफ्फरपुर में निधन हो गया। उनके निधन से कला एवं रंगमंच जगत में गहरा शोक व्याप्त है।

प्रोफेसर संतोष सारंग ने बताया कि करीब डेढ़ दशक पूर्व नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेत्री मेधा पाटकर की उपस्थिति में रॉबिन रंगकर्मी के निर्देशन में ‘एक शहर की मौत’ नाटक का मंचन किया गया था। यह नाटक इतना प्रभावशाली था कि दर्शकों की आंखें नम हो गई थीं, यहां तक कि मेधा पाटकर भी भावुक हो उठी थीं।

रंगकर्मी सुमन वृक्ष ने बताया कि रॉबिन रंगकर्मी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके मार्गदर्शन में मुजफ्फरपुर के कई कलाकारों ने नई ऊंचाइयां हासिल कीं। वहीं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने कहा कि वे न केवल एक कुशल नाट्य निर्देशक थे, बल्कि एक उत्कृष्ट चित्रकार भी थे। उनकी कला में प्रकृति, आम जनजीवन और सामाजिक संवेदनाओं का जीवंत चित्रण देखने को मिलता था।

एक्टिविस्ट 100 के संयोजक सोनू सरकार ने बताया कि गांधी शांति प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में 2 अक्टूबर को उनसे आखिरी मुलाकात हुई थी। वे हर सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और बच्चों को नाटक एवं पेंटिंग सिखाने के लिए हमेशा तत्पर रहते थे।

रॉबिन रंगकर्मी ने मुजफ्फरपुर को रंगमंच के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई। उनके निधन पर शहर के अनेक कलाकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।

उनका अंतिम संस्कार बुधवार शाम 4 बजे सिकंदरपुर स्थित मुक्ति धाम में किया गया।