रोजगार सह मार्गदर्शन मेले में उमड़ा युवाओं का हुजूम, 229 को मिला नौकरी का अवसर
- Post By Admin on Mar 18 2026
लखीसराय : जीविका की ओर से हलसी प्रखंड कार्यालय परिसर में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का बुधवार को सफल आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना एवं उन्हें करियर मार्गदर्शन देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ हलसी की प्रखंड प्रमुख महोदया एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक जीविका श्री धर्म वीर कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। यह मेला दीन दयाल उपाध्याय कौशल्य योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें कुल 12 कंपनियों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए।
मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया, जहां कुल 565 अभ्यर्थियों ने निबंधन कराया। इनमें से 229 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा मौके पर ही चयन किया गया, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन आजीविका विशेषज्ञ सुश्री इशिता मुखर्जी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय समन्वयक श्रावण कुमार द्वारा किया गया।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के रोजगार मेलों के आयोजन से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।