राष्ट्र सेवा दल ने युवाओं को लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना से जोड़ने का लिया संकल्प
- Post By Admin on May 17 2026
मुजफ्फरपुर: राष्ट्र सेवा दल द्वारा चार दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत रविवार को विश्विभूति पुस्तकालय, कच्ची-पक्की में आयोजित बैठक के साथ हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्र सेवा दल के पूर्व महामंत्री शाहिद कमाल ने की। कार्यक्रम में संगठन के पुराने पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
बैठक में राष्ट्रीयता, समानता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच जैसे मूल्यों को युवाओं तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में सहयोगी संगठनों के साथ एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना और उसके महत्व से अवगत कराया जाएगा।महाराष्ट्र से आए विशेषज्ञ आकाश इंगले और शुभम चोगेल ने बच्चों और युवाओं के बीच रचनात्मक तरीके से काम करने की विधियां साझा कीं। उन्होंने गीत, संगीत और खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों से जुड़ने और सामाजिक मूल्यों को सहज ढंग से समझाने के तरीके बताए।
कार्यक्रम की शुरुआत शाहिद कमाल ने की। इस अवसर पर अधिवक्ता मुकेश ठाकुर, अधिवक्ता वंदना प्रीतम, शांति सेना मुजफ्फरपुर के संयोजक सोनू सरकार, लोक कलाकार सुनील कुमार, शंभु मोहन प्रसाद, मिथलेश कुमार, हैदर अली, संजय प्रधान, नागेंद्र कुमार मांझी, अमित चौधरी, संदीप कुमार, प्रिंस कुमार, सुभाष कुमार तथा सूरज शर्राफ सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत महाराष्ट्र से आए प्रशिक्षकों ने बिहार बाल भवन किलकारी संस्थान में बच्चों के साथ गीत-संगीत और खेल आधारित गतिविधियां भी आयोजित कीं। अतिथियों का स्वागत बच्चों द्वारा टीका-चंदन लगाकर किया गया। स्वागत भाषण प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्णिमा बाला द्वारा किया गया।