बिहार को नई दिशा देने की ओर अग्रसर निशिकांत कुशवाहा

  • Post By Admin on Dec 21 2024
बिहार को नई दिशा देने की ओर अग्रसर निशिकांत कुशवाहा

समस्तीपुर : शहर के बायपास स्थित एक निजी होटल के सभागार में बीते शुक्रवार को युवा उद्यमी और समाजसेवी निशिकांत सिन्हा कुशवाहा द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में उनके आगामी कार्यक्रम और उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया। इस पर जनसंपर्क पदाधिकारी रेणुका सिंह ने मीडिया को बताया कि निशिकांत सिन्हा बिहार के विकास के लिए समर्पित हैं और उन्होंने समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साझा किया।

निशिकांत सिन्हा ने प्रेस वार्ता में कहा, “बिहार जो ज्ञान, विज्ञान, अनुसंधान, कृषि और कला का केंद्र रहा है। आज भी अपने पिछड़ेपन के कारण केवल श्रम और प्रतिभा का आपूर्तिकर्ता राज्य बनकर रह गया है। बिहार की माटी से कई सफल लोग निकले हैं लेकिन बहुत कम लोग वापस आकर यहां के लिए कुछ करना चाहते हैं। मेरा लक्ष्य है कि हम इस माटी से जुड़कर समाज को आत्मनिर्भर बना सकें।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरे दिल में हमेशा बिहार के लिए विशेष स्थान रहा है। मैं न केवल एक उद्योगपति हूं बल्कि समाज सेवा में भी पूरी तरह समर्पित हूं। बिहार की माटी में पले-बढ़े मुझे हमेशा यह ख्याल रहा है कि कैसे यहां के लोग शिक्षा, रोजगार और सम्मान से अपने जीवन को बेहतर बना सकें।”

बिहार से दिल्ली जाकर करियर की शुरुआत करने वाले निशिकांत ने एचआर जॉब कंसल्टेंसी की शुरुआत की और हजारों युवाओं को प्राइवेट और मल्टीनेशनल कंपनियों में रोजगार दिलाया। इसके बाद उन्होंने गुजरात के बड़ोदरा में आईटी सेक्टर में अपनी सूझ-बूझ और कौशल से देश-विदेश में बिहार का नाम रौशन किया।

उन्होंने समाज सेवा की दिशा में विशेष ध्यान दिया खासकर गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए। दिल्ली और कोटा जैसे शहरों में उन्होंने बच्चों की UPSC, IIT, और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी करवाई और आज वे बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बनकर बिहार और देश के लिए प्रेरणा बन चुके हैं।

जनसंपर्क पदाधिकारी रेणुका सिंह ने बताया कि निशिकांत सिन्हा ने गरीब छात्रों के लिए विशेष छात्रावास और धर्मशालाओं का निर्माण भी करवाया है। उन्होंने कुशवाहा समुदाय से होने के नाते समाज के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी का भी उल्लेख किया। उनका मानना है कि समाज में विकास के लिए हिस्सेदारी और भागीदारी का संतुलन जरूरी है।

इस प्रेस वार्ता के दौरान निशिकांत सिन्हा ने बिहार को आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए अपने “जन आशीर्वाद संवाद सभा” के आयोजन की घोषणा की। यह सभा बिहार के विभिन्न जिलों में आयोजित की जाएगी। जिसका शंखनाद कल (22 दिसंबर) को पटेल मैदान, समस्तीपुर में सुबह 11 बजे से किया जाएगा। इसके बाद आगामी 24 दिसंबर को कोशी कॉलेज मैदान, खगड़िया में दोपहर 12 बजे जन संवाद सभा होगी।