युगांडा में फैला डिंगा-डिंगा वायरस, मरीज करने लगता है डांस

  • Post By Admin on Dec 21 2024
युगांडा में फैला डिंगा-डिंगा वायरस, मरीज करने लगता है डांस

अफ्रीकी देश युगांडा में एक नया वायरस 'डिंगा-डिंगा' तेजी से फैल रहा है। इस वायरस से संक्रमित मरीज का शरीर अनियंत्रित रूप से हिलने लगता है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि वह डांस कर रहा हो। यह बीमारी मुख्य रूप से महिलाओं और बच्चों को प्रभावित कर रही है। मरीजों को तेज बुखार, कमजोरी और लकवे जैसे लक्षण भी महसूस हो रहे हैं।

बुंदीबुग्यो जिले में सबसे पहले इस वायरस का मामला सामने आया था। अब तक 300 से अधिक लोग इससे प्रभावित हो चुके हैं। 2023 की शुरुआत में इस वायरस का पहला मामला दर्ज किया गया था। स्वास्थ्य अधिकारी बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं। सैंपल्स को युगांडा के स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजा गया है।

डिंगा-डिंगा वायरस के लक्षण 1518 के "डांसिंग प्लेग" से मिलते-जुलते हैं, जब फ्रांस के स्ट्रासबर्ग में सैकड़ों लोग अनियंत्रित डांसिंग मूवमेंट का शिकार हुए थे। हालांकि, इन दोनों घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध नहीं पाया गया है।

बुंदीबुग्यो जिले के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कियिता क्रिस्टोफर ने कहा कि मरीज आमतौर पर एक सप्ताह के भीतर ठीक हो जाते हैं। उन्होंने हर्बल दवाओं के उपयोग से बचने और जिला स्वास्थ्य केंद्रों से इलाज कराने की अपील की है। उन्होंने बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए स्वच्छता बनाए रखने और प्रभावित व्यक्तियों के संपर्क से बचने की सलाह दी है।

डिंगा-डिंगा से ठीक हुए एक मरीज ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लकवा महसूस हुआ और फिर उनका शरीर अनियंत्रित रूप से कांपने लगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ।

हालांकि, इस बीमारी से अब तक कोई मृत्यु दर्ज नहीं हुई है लेकिन इसका तेजी से फैलना चिंता का विषय है। स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मिलकर इस बीमारी का इलाज और रोकथाम के उपाय तलाशने में जुटे हैं।

बता दे कि, इससे पहले 2019 में चीन में जन्मे कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को तबाह कर दिया था। दुनिया भर में लाखों लोग कोरोना से संक्रमित हुए। लाखों लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी। इतना ही नहीं, अमेरिका जैसा शक्तिशाली देश भी इस बीमारी से आर्थिक रूप से प्रभावित हुआ।