मणिका मन झील का होगा विकास, पर्यटन संरचना को मिलेगी नई पहचान
- Post By Admin on Jun 10 2024

मुजफ्फरपुर : जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में मुसहरी प्रखंड के मणिका मन झील के पर्यटन संरचना के विकास एवं सौंदर्यीकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम को कार्यकारी एजेंसी के रूप में परियोजना को अंजाम देने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि मणिका मन झील के जल संरक्षण और हरियाली आवरण को ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत प्राक्कलन तैयार किया गया है। पर्यटन विभाग, पटना ने इस प्राक्कलन को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है और प्रथम किस्त की राशि भी जारी कर दी गई है। इसके तहत कार्यकारी एजेंसी को 15 दिनों के भीतर निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस परियोजना का उद्देश्य मणिका मन झील को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। इसके तहत सेंटर प्लाजा, मल्टीपर्पस हॉल, ओपेन सीटिंग एरिया, कियोस्क, चिल्ड्रेन पार्क, वॉकिंग ट्रैक, जल संरक्षण और लाइटनिंग जैसे सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने प्राक्कलन में उल्लेखित सभी कार्यों को ससमय और विशिष्टताओं के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
मणिका मन झील के विकास और सौंदर्यीकरण से मुजफ्फरपुर को एक नई पहचान मिलेगी और यह पर्यटन स्थल स्थानीय और बाहरी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, ओएसडी विनीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता जुली कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन इस परियोजना के सफल कार्यान्वयन से स्थानीय विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रति कटिबद्ध है। इसके साथ ही, यह उम्मीद की जा रही है कि मणिका मन झील का उन्नत स्वरूप क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि करेगा।