प्रख्यात मनोवैज्ञानिक व एलएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. अज़ीमुर रहमान का निधन, विवि परिवार ने दी श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Oct 07 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य और मनोविज्ञान के विख्यात विद्वान व सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रो. अज़ीमुर रहमान के निधन से बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय परिवार और शैक्षणिक जगत में गहरा शोक व्याप्त हो गया है। उनके निधन की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारी संघों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रो. अज़ीमुर रहमान की सुपुत्री प्रो. शकीला अज़ीम वर्तमान में बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय के अंतर्गत महंथ दर्शन दास महिला महाविद्यालय में मनोविज्ञान विभाग की वरीय प्राध्यापिका व अध्यक्षा हैं और विश्वविद्यालय शिक्षक संघ 'बुस्टा' में कोषाध्यक्ष का दायित्व संभाल रही हैं।
प्रो. रहमान के इंतकाल पर फुस्टाब के महासचिव, बूटा के संरक्षक, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद तथा मनोविज्ञान के प्राध्यापक प्रो. संजय कुमार सिंह ने गहरा शोक प्रकट किया। अपने आदरणीय गुरु को याद करते हुए प्रो. संजय कुमार सिंह ने कहा कि उनका निधन उनकी निजी और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि प्रो. रहमान से उन्हें सदैव सीखने और उनका स्नेह व मार्गदर्शन पाने का सौभाग्य मिला। अपने गुरु व मार्गदर्शक को खोने से वे अत्यंत मर्माहत हैं और उनका सरल व्यक्तित्व, आत्मीय स्नेह तथा ज्ञान की विरासत सदैव स्मृतियों में जीवित रहेगी।
विश्वविद्यालय के तमाम शिक्षकों और शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि प्रो. रहमान ने शिक्षकों की कई पीढ़ियों को गढ़ा और उच्च शिक्षा व मनोविज्ञान के शोध तथा शिक्षण में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। शोक व्यक्त करने वालों में बूटा महासचिव डॉ. सुनील कुमार सिंह, बुस्टा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. जयकांत सिंह, बुस्टा महासचिव प्रो. रमेश प्रसाद गुप्ता, विश्वविद्यालय विभाग शिक्षक संघ बुस्टा इकाई सचिव प्रो. ललन कुमार झा और विश्वविद्यालय मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. रजनीश गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इसके साथ ही लंगट सिंह महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया, एमडीडीएम कॉलेज की प्राचार्या व मनोविज्ञान की वरीय प्राध्यापिका प्रो. अलका जायसवाल, डॉ. राममनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार, रामदयालु सिंह महाविद्यालय बुस्टा इकाई सचिव डॉ. एम.एन. रजवी, एलएस कॉलेज बुस्टा इकाई सचिव डॉ. राजीव कुमार, एमडीडीएम कॉलेज बुस्टा इकाई सचिव डॉ. रिंकू कुमारी तथा बुस्टा इकाई प्रतिनिधि डॉ. सौरभ राज सहित अनेक प्राचार्यों, शिक्षकों और शिक्षक प्रतिनिधियों ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए अपनी भावविह्वल श्रद्धांजलि अर्पित की।