बूढ़ी गंडक का तेज बहाव बना काल, नहाने गए दो किशोर डूबे
- Post By Admin on Aug 17 2026
मुजफ्फरपुर : मोतीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बूढ़ी गंडक नदी में नहाने के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। दोनों की पहचान बथना गांव के वार्ड नंबर 10 निवासी दिनेश भगत के पुत्र अनु कुमार उर्फ कल्लू (14) और मनोहर भगत के पुत्र उज्जवल कुमार (14) के रूप में हुई है। घटना के बाद SDRF की टीम मोटर बोट और आधुनिक उपकरणों के साथ दोनों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर दोस्त थे और सोमवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से भुरकुर्वा घाट पर नहाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों घर पर बिना बताए निकले थे। नदी में नहाने के दौरान उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा और पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए। घाट के पास मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने किशोरों को डूबते देखा और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव तेज होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों देखते ही देखते पानी में ओझल हो गए।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही मोतीपुर थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद SDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और खोजबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि SDRF की टीम मोटर बोट और आधुनिक उपकरणों के साथ नदी में कैंप कर रही है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी नदी में दोनों किशोरों की तलाश की जा रही है। नदी के आसपास के इलाके में भी सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। SDRF और स्थानीय गोताखोर लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।