SKMCH परिसर में 102 एंबुलेंस की तलाशी, गांजा और अवैध हथियार मिलने पर दो गिरफ्तार

  • Post By Admin on Aug 18 2026
SKMCH परिसर में 102 एंबुलेंस की तलाशी, गांजा और अवैध हथियार मिलने पर दो गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर: अहियापुर थाना पुलिस ने एसकेएमसीएच परिसर से 102 एंबुलेंस सेवा के ड्राइवर और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को एंबुलेंस की तलाशी के दौरान दो पैकेट गांजा और एक लोडेड अवैध हथियार बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ड्राइवर सर्वजीत और ईएमटी मनोहर कुमार के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस को एंबुलेंस में मादक पदार्थ और अवैध हथियार रखे होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस बल ने 102 एंबुलेंस कार्यालय में अचानक छापेमारी कर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस से गांजा के दो पैकेट और एक लोडेड अवैध हथियार मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामान को जब्त कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एंबुलेंस में गांजा और हथियार किस उद्देश्य से रखा गया था और इसका इस्तेमाल कहीं मादक पदार्थों की तस्करी या किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है। मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा करने से परहेज किया है। अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं एसकेएमसीएच ओपी प्रभारी पिंटू कुमार ने थाना क्षेत्र से बाहर होने की बात कहते हुए मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि बरामद हथियार और गांजा आरोपियों के कब्जे में कैसे पहुंचा और क्या इस मामले के पीछे कोई बड़ा आपराधिक नेटवर्क सक्रिय है। बता दें कि बिहार सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सरकारी अस्पतालों में 102 एंबुलेंस सेवा का संचालन आउटसोर्सिंग एजेंसी जेन प्लस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से किया जाता है। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।