चंदेश्वर हत्याकांड को लेकर पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस, पीड़ित परिवार ने मांगा न्याय और सुरक्षा
- Post By Admin on Aug 18 2026
पटना: रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में चंदेश्वर चौधरी की हत्या के मामले को लेकर बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय, उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी रोजगार देने की मांग की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मृतक के परिजन और घटना के चश्मदीद भी मौजूद रहे।
अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि चंदेश्वर चौधरी से कथित तौर पर बंधुआ मजदूर की तरह काम कराया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि उनसे काम तो कराया गया, लेकिन मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया और उन्हें दूसरी जगह काम करने से भी रोका जा रहा था। उनके अनुसार, जब चंदेश्वर दूसरी जगह काम करने जाने लगे तो उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अनिल कुमार ने कहा कि मामले में आनन-फानन में पिता-पुत्र की गिरफ्तारी की गई है, लेकिन उनका आरोप है कि प्रशासन पीड़ित परिवार के बजाय कथित रूप से शोषण करने वालों को संरक्षण दे रहा है।
अनिल कुमार ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक निलंबित पदाधिकारी को जानबूझकर वहां तैनात किया गया है और गरीब परिवार पर दबाव बनाने तथा उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को किसी समझौते की नहीं, बल्कि न्याय की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सुरक्षा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराया जाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मृतक के परिजनों ने भी अपनी बात रखी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों के अनुसार, न्याय की मांग को लेकर वे बिहार के डीजीपी से भी मिल चुके हैं, जहां उन्हें कार्रवाई का आश्वासन मिला है। मृतक के बेटे दीपक कुमार और घटना के चश्मदीद गवाह केदार चौधरी ने भी पत्रकारों के समक्ष घटना से जुड़ी अपनी बातें रखीं और सरकार से न्याय की गुहार लगाई।
अनिल कुमार ने कहा कि गरीब और कमजोर परिवारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा, मुआवजा और रोजगार सुनिश्चित करने की मांग की।