सूटकेस में शव मिलने से सनसनी, पूछताछ में चचेरे भाई पर हत्या का शक गहराया

  • Post By Admin on Aug 18 2026
सूटकेस में शव मिलने से सनसनी, पूछताछ में चचेरे भाई पर हत्या का शक गहराया

नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सूटकेस के अंदर युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मृतका के चचेरे भाई अविनाश को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को युवती के प्रेम प्रसंग का शक था और इसी को हत्या की वजह माना जा रहा है।

मामला बुराड़ी थाना क्षेत्र के अजीत विहार इलाके का है। पुलिस को गली नंबर-1 के पास एक सुनसान स्थान पर सूटकेस मिला था। सूटकेस खोलने पर उसके अंदर युवती का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।पुलिस के अनुसार, घटना का सुराग उस समय मिला जब आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ टीम रात में इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उसे रोककर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी चचेरी बहन की हत्या करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर बुराड़ी के अजीत विहार इलाके में पहुंचकर तलाशी ली। वहां एक सुनसान जगह से सूटकेस बरामद किया गया। सूटकेस के अंदर युवती का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी को अपनी चचेरी बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर शक था। इसी शक के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस अब हत्या के कारण, वारदात की परिस्थितियों और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या कब और किस स्थान पर की गई तथा शव को सूटकेस में रखकर सुनसान स्थान पर कैसे पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले की खास बात यह है कि शव बरामद होने से पहले हत्या को लेकर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।