मुजफ्फरपुर के एम.पी.एस. साइंस कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह, भाषा सम्मान का लिया गया संकल्प

  • Post By Admin on Sep 16 2025
मुजफ्फरपुर के एम.पी.एस. साइंस कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह, भाषा सम्मान का लिया गया संकल्प

मुजफ्फरपुर: महेश प्रसाद सिन्हा (एम.पी.एस.) साइंस कॉलेज में 16 सितंबर 2025 को हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, सेहत केंद्र और हिंदी विभाग द्वारा भारतीय भाषा मंच, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित किया गया।

समारोह का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार सहित अन्य प्राध्यापकों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य वक्ता के रूप में बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग के प्रोफेसर प्रमोद कुमार उपस्थित हुए। उन्होंने “विश्व भाषा की ओर अग्रसर हिंदी” विषय पर व्याख्यान देते हुए हिंदी की वैश्विक स्थिति, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और संविधान में इसके स्थान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भूमंडलीकरण के इस दौर में यह आशंका बनी हुई है कि हिंदी कहीं बाजार की भाषा बनकर अपनी असली पहचान और आत्मसम्मान न खो दे। उन्होंने हिंदी के सम्मान और इसके प्रयोग को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर डॉ. राज कुमार सिंह ने हिंदी की वर्तमान स्थिति पर अपने विचार रखे। वहीं प्राचार्य डॉ. राजीव कुमार ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि हिंदी हमारी विरासत, हमारी पहचान और हमारी संस्कृति की धड़कन है। उन्होंने आह्वान किया कि हिंदी दिवस पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम इसे अपने दैनिक जीवन में और अधिक स्थान दें।

कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष एवं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सह सेहत केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार साह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन संस्कृत विभाग के आचार्य अरविंद कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया। समारोह में डॉ. मुख लाल राय, डॉ. आलोक रंजन त्रिपाठी, डॉ. मो. कौशर अली, डॉ. मु. एजाज अनवर, डॉ. अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।