लखीसराय : शहर में सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने और नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था लागू करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बीते सोमवार को समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख रूप से जाम की समस्या, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, प्रदूषण जांच, ब्लैक स्पॉट, बस स्टॉप योजना और हिट एंड रन मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। जाम की समस्या के समाधान के लिए ठेला या सब्जी की दुकानों को मुख्य सड़क से छह फीट की दूरी पर लगाने, दुकानदारों को अपनी दुकान का सामान बाहर न रखने और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की सलाह दी गई। इसके साथ ही विद्यापीठ चौक और जमुई मोड़ से शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने और सीसीटीवी कैमरों के जरिए इन मार्गों की निगरानी करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन, लखीसराय और संबंधित थाना अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण अधिकारी मौजूद थे।
यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु बैठक आहूत, उपायों पर चर्चा




















