एमडीडीएम कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सत्र, छात्राओं को सिखाए गए माइंडफुलनेस के गुर

  • Post By Admin on Oct 13 2026
एमडीडीएम कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सत्र, छात्राओं को सिखाए गए माइंडफुलनेस के गुर

मुजफ्फरपुर : स्थानीय एमडीडीएम कॉलेज के सेमिनार हॉल में मंगलवार को मनोविज्ञान विभाग के तत्वावधान में ‘मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या प्रो. अलका जायसवाल ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. मीनाक्षी कुमारी ने विषय प्रवेश कराते हुए रूपरेखा प्रस्तुत की। सप्ताहभर चली विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं, विशेषकर इमोशन अंताक्षरी और नुक्कड़ नाटक में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को मिटाने और मानसिक समस्याओं पर खुलकर बात करने का सशक्त संदेश दिया गया। आयोजन में मनोविज्ञान विभाग की प्राध्यापिकाओं प्रो. शकीला अज़ीम, डॉ. अनुराधा सिंह, डॉ. देवश्रुति घोष और डॉ. प्रिया ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

समापन सत्र में विभागाध्यक्ष डॉ. निशि कांति ने ध्यान (Meditation) एवं माइंडफुलनेस सत्र का प्रभावी संचालन किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य की ही तरह मानसिक स्वास्थ्य भी जीवन का एक अनिवार्य पहलू है, और दोनों के संतुलन से ही व्यक्ति स्वस्थ जीवन जी सकता है। इस अवसर पर छात्राओं को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक जीवनशैली और जरूरत पड़ने पर संकोच छोड़कर मनोवैज्ञानिकों व विशेषज्ञों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. संगीता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।