मुजफ्फरपुर : रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई और प्लेसमेंट सेल की ओर से संयुक्त रूप से कार्यक्रम एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 107 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 85 का एयरटेल, इन्फोसिस सहित प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन हुआ। इस उपलब्धि से विद्यार्थियों को रोजगार के नए अवसर मिले।

कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने किया। इस अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक विकास कुमार, प्लेसमेंट सेल के नोडल अधिकारी डॉ. धीरज कुमार, दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. रजनी रंजन, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शारदा नन्द सहनी और एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुमित्रा कुमारी उपस्थित रहीं।

प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने कहा कि संविधान दिवस भारतीय लोकतंत्र की मूल भावना, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर है। संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता और न्याय का आधार है। प्रत्येक नागरिक को इसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। खासकर युवाओं को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।

रोजगार मेले के महत्व पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल भी जरूरी है। महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार के योग्य बनाना भी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। उन्होंने युवाओं को संचार कौशल, तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास और साक्षात्कार की तैयारी पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

डॉ. शारदा नन्द सहनी ने संविधान दिवस के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। इसके मूल्यों का सम्मान करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाना सभी की जिम्मेदारी है।

रोजगार मेले के मुख्य प्रशिक्षक विकास कुमार ने रोजगार के बदलते स्वरूप और कौशल विकास की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। एनआईआईटी और इन्फोसिस फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस मेले में एयरटेल सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों और चयन प्रक्रिया के बारे में बताया।

प्रो. रजनी रंजन ने कहा कि इस तरह के आयोजन शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी कम करने तथा विद्यार्थियों को करियर की नई दिशा देने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम का संचालन प्लेसमेंट सेल के नोडल अधिकारी डॉ. धीरज कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुमित्रा कुमारी ने किया। मौके पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।